रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

पाटन के तरीघाट में तेजी से फैला रहा डायरिया, 60 लोग बीमार

पाटन के तरीघाट में तेजी से फैला रहा डायरिया

H

Hupendra Sharma

18 जून 2025, 03:02 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

डायरिया
डायरिया

दुर्ग | संवाददाताः दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक के तरीघाट में डायरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रही है. गांव में रोज डायरिया के नये मरीज मिल रहे हैं. अब तक 60 से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं.


पाटन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल हुए मरीजों की संख्या बढ़ कर 20 तक पहुंच गई है. वहीं 20 से ज्यादा मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती हैं.

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर पीड़ित मरीजों की जांच कर रही है. पीएचई विभाग ने पानी का सैंपल लेकर जांच की है, जिसकी रिपोर्ट आना बाकी है.


स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक डायरिया फैलने का कारण नाली के नीचे दबी पाइपलाइन है.


गन्दी नाली के नीचे से गुजरती पाइप लाइन काफी जर्जर स्थिति में है. कई जगह छेद होने से पीने के पानी में गंदा पानी मिल रहा है.


बताया गया कि गांव के साहू पारा में सबसे ज्यादा डायरिया के मरीज सामने आए हैं. यहां पर कुछ मरीजों की हालत इतनी खराब थी कि आज उन्हें दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया है.


गांव के दूसरे मोहल्ले में भी कई मरीज सामने आ रहे हैं.डायरिया की शिकायत लगातार मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मोर्चा संभाला है.


लगातार शिविर लगाकर दवा वितरण किया जा रहा है. प्रभावित क्षेत्रों से पानी और खाद्य पदार्थों का सैंपल जांच को भेजा गया है. 


साहू मोहल्ला के लोगों का कहना है कि नल के जरिए घरों तक आने वाला पानी दूषित हो गया है. कुछ दिनों से बदबू भी आने लगी थी. मोहल्ले के पास ही मौजूद नलकूप में भी लाल पानी की समस्या हो रही है.


ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि 60 से ज्यादा लोगों के डायरिया से प्रभावित होने के बाद अब कहीं जाकर टंकी की सफाई की गई.


इधर सरपंच चंद्रिका चन्द्राकर ने कहा कि गांव में अचानक डायरिया फैल गया है. पीएचई विभाग जांच के लिए पानी का सैंपल लेकर गया है.जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण का पता चल पाएगा. स्वास्थ विभाग की टीम ने गांव में सर्वे कर दवा का वितरण किए हैं. 


बीएमओ भुवनेश्वर कठोतिया का कहना है कि स्थिति कंट्रोल में है. पीड़ित मरीजों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन और कुछ मरीजों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है. विभाग द्वारा घर-घर जाकर दवा दी गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP