धमतरी: पत्नी के अंतिम संस्कार पर विवाद के बाद ग्रामीण ने की हिंदू धर्म में वापसी
धमतरी । संवाददाता: धमतरी के भटगांव में एक महिला के निधन के बाद अंतिम संस्कार को लेकर उपजे विवाद के बीच उसके पति ने ईसाई धर्म छोड़कर पुनः सनातन धर्म अपना लिया. ग्रामवासियों और सामाजिक प्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद महिला का दाह-संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भटगांव निवासी सुरेश ध्रुव की युवा पत्नी सरस्वती ध्रुव का बीमारी के चलते निधन हो गया था. चूंकि सुरेश ने चार वर्ष पूर्व ईसाई धर्म अपना लिया था, इसलिए ग्रामीण और समाज के लोग हिंदू परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार में शामिल होने से इनकार कर रहे थे.
स्थिति को बिगड़ता देख गांव में करीब एक घंटे तक सामाजिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप अग्रवाल को भी बुलाया गया.
बैठक के दौरान सुरेश से अपने मूल समाज और धर्म में लौटने का आग्रह किया गया. सुरेश द्वारा इस पर सहमति व्यक्त करने के बाद गंगाजल छिड़ककर और आचमन कराकर पूजा-अर्चना के साथ उसे पुनः समाज में शामिल किया गया.
इसके उपरांत ही मृतका का अंतिम संस्कार सनातन रीति-रिवाज के अनुसार किया जा सका.
स्वयं सुरेश ने बताया कि उसने लगभग चार साल पहले स्वेच्छा से धर्म परिवर्तन किया था, लेकिन अब वह अपनी स्वतंत्र इच्छा से अपने मूल धर्म और समाज में लौट आया है और भविष्य में समाज की परंपराओं का ही पालन करेगा.
वहीं, संदीप अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलने पर वे भटगांव पहुंचे थे, जहां समझाइश के बाद सुरेश ने सनातन धर्म में आस्था जताई, जिसके बाद धार्मिक प्रक्रियाओं को पूरा कर अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया.