रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

धमतरी: चावल व्यापार में जलन, 27 वर्षीय व्यापारी की हत्या, 10 दिन बाद खुलासा

C

CG Khabar

01 अग. 2026, 02:18 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

आरोपी गिरफ्तार
आरोपी गिरफ्तार

धमतरी । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में धंधे की रंजिश के कारण एक 27 वर्षीय व्यापारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. सांकरा-मगरलोड निवासी 21 वर्षीय आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू ने व्यापारिक प्रतिस्पर्धा और ईर्ष्या के चलते कुण्डेल के रहने वाले नीरज साहू पर कैंची और पाने से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. 


अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं.

विज्ञापन


यह पूरी घटना 22 जुलाई की है, जब नारी महानदी पुल के सुनसान रास्ते पर नीरज साहू का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था. मृतक के सिर और गले पर गहरे घाव के निशान थे और पास ही उसकी बोलेरो पिकअप गाड़ी खड़ी मिली थी. शव मिलने के बाद से ही पुलिस अज्ञात हमलावर की तलाश में जुटी हुई थी. 


जांच के दौरान जब इलाके के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की कड़ियां जोड़ी गईं, तब बिरेंद्र साहू पर शक गहराया. हिरासत में लेकर की गई कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया.


पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतक नीरज और आरोपी बिरेंद्र दोनों ही चावल का कारोबार करते थे. नीरज का काम काफी अच्छा चल रहा था और उसकी कमाई भी अधिक थी. इसी बात को लेकर आरोपी के दिल में उसके प्रति रंजिश और जलन घर कर गई थी. 


इसी द्वेष के कारण उसने योजना बनाकर नीरज को पुल पर रोका और उस पर घातक हथियारों से हमला कर दिया. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से 10 दिनों से उलझी इस हत्या की गुत्थी सुलझ गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP