सुकमा में उपसरपंच की गला घोंटकर हत्या
सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के तारलागुड़ा गांव के उपसरपंच की कथित माओवादियों ने गला घोंटकर हत्या कर दी. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
पुलिस के मुताबिक घटना जगरगुंडा थाना क्षेत्र के तारलागुड़ा के आश्रित गांव बेनपल्ली की है. यह गांव घोर नक्सल प्रभावित गांव है.
गांव के मुचाकी रामा निर्विरोध उपसरपंच बने थे. उसके बाद से इन्हें माओवादियों की तरफ से धमकियां मिल रही थी.
बीती रात को मुचाकी खाना खाने के बाद सो रहे थे. उसी दौरान 4-5 माओवादी ग्रामीण वेशभूषा में उपसरपंच के घर पहुंचे.
माओवादियों ने उसे उठाकर घर से बाहर निकाला और अपने साथ जंगल की ओर ले गए. जहां माओवादियों ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
हत्या के बाद शव को वहीं फेंककर माओवादी फरार हो गए. ग्रामीणों और परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस परिजन और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है. पुलिस हत्या की असली वजह क्या है, इसकी भी जांच कर रही है.
माओवादियों द्वारा उपसरपंच की हत्या को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह माओवादियों की कायराना हरकत है. उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा की है.
महिला माओवादी का शव बरामद
इधर छत्तीसगढ़-तेलंगाना की सीमा पर माओवादियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन के दौरान कर्रेगुट्टालु की पहाड़ियों में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है.
इस मुठभेड़ में जवानों ने एक महिला माओवादी को मारने का दावा किया है. मौके से शव समेत हथियार बरामद किया गया है.
अब तक इस अभियान के दौरान कुल चार महिला माओवादियों के शव और अनेक हथियार बरामद किए हैं.
छत्तीसगढ़-तेलंगाना की सीमा पर माओवादियों के खिलाफ ऑपरेशन का आज 15वां दिन है. अभी भी कर्रेगुट्टालु की पहाड़ियों पर जवान तैनात हैं.
सोमवार को ही एसटीएफ के जवान सर्चिंग के दौरान आईईडी की चपेट में आ गए थे. आईईडी ब्लास्ट होने से दोनों जवान घायल हो गए थे.