सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

भारत बना रहा है 'बंकर बस्टर' मिसाइल

C

CG Khabar

01 जुल. 2025, 12:00 AM 2 मिनट में पढ़ें 5

डीआरडीओ
डीआरडीओ

नई दिल्ली । डेस्क: अमरीका के 'मिशन ईरान' से प्रेरणा लेते हुए भारत अब अपनी रक्षा क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है. रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन अब स्वदेशी तकनीक से 'बंकर बस्टर' बम विकसित करने की तैयारी में जुट गया है.


यह बम इतना शक्तिशाली होगा कि यह जमीन के 80 से 100 मीटर नीचे बने शत्रु ठिकानों को भी नष्ट करने में सक्षम होगा. खास बात यह है कि इस बम को हवाई जहाज की जगह मिसाइल के जरिये लक्ष्य तक पहुंचाया जायेगा.

विज्ञापन


अग्नि-5 का नया संस्करण


रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन के सूत्रों के अनुसार, इस 'बंकर बस्टर' को ले जाने के लिये भारत की सबसे उन्नत बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का एक नया संस्करण तैयार किया जा रहा है. वर्तमान में 5000 किलोमीटर की रेंज वाली यह मिसाइल परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है. इसके नये संस्करण में 7500 किलोग्राम वजनी 'बंकर बस्टर' वॉरहेड लगाया जायेगा. डीआरडीओ दो तरह की अग्नि-5 मिसाइलें विकसित करने की योजना बना रहा है, एक जो जमीन के ऊपर बने ठिकानों को नष्ट करेगी और दूसरी जो जमीन के नीचे बने बंकरों को ध्वस्त करेगी.


अमरीकी के GBU-57 से प्रेरणा


पिछले हफ्ते अमरीका ने ईरान के फोर्दो परमाणु ठिकाने पर GBU-57 'बंकर बस्टर' बम का इस्तेमाल कर दुनिया को हैरान कर दिया था. इस बम को 'सभी बमों की जननी' कहा जाता है, जिसका वजन 13,000 किलोग्राम है. अमरीका ने इस हमले के लिए अपने अत्याधुनिक बी-2 विमान का इस्तेमाल किया, जिसकी कीमत 2.1 बिलियन डॉलर है. इसके अलावा बम की लागत अलग से है. इस तुलना में भारत बहुत कम लागत में 'बंकर बस्टर' विकसित करने की क्षमता रखता है.


2500 किमी रेंज, 20 मैक तक की रफ्तार


रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन द्वारा विकसित की जा रही 'बंकर बस्टर' ले जाने वाली अग्नि सीरीज की मिसाइल की रेंज 2500 किलोमीटर होगी. यह रेंज पूरे पाकिस्तान और चीन को अपने दायरे में ले आयेगी. इस मिसाइल की गति 8 मैक से 20 मैक तक होगी. 


विशेषज्ञों का कहना है कि इस घातक हथियार के तैयार होने के बाद जमीन के नीचे छिपे दुश्मन भी भारत के निशाने से नहीं बच पायेंगे. इससे भारत आसानी से सीमा पार के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर सकेगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP