मुंबई में बढ़ते प्रदूषण पर दीपिका पादुकोण ने BMC से पूछा- क्या यह ठीक है?
मुंबई । डेस्क: मुंबई में लगातार गिरते वायु गुणवत्ता सूचकांक और बढ़ते प्रदूषण स्तर ने बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को चिंतित कर दिया है. दीपिका ने सोशल मीडिया के जरिए बृहन्मुंबई नगर निगम का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचते हुए सख्त सवाल किए हैं.
दीपिका पादुकोण ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर धुंध की चादर में लिपटी मुंबई की एक तस्वीर साझा की. इस तस्वीर के साथ उन्होंने शहर और खासकर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों का जिक्र करते हुए लिखा, "यह शहर और इसके बच्चे दम घोंटू हवा में जी रहे हैं! क्या यह वाकई ठीक है? @bmc @mybmchealth मदद करें."
फरवरी 2026 में मुंबई का औसत AQI 230 से 250 के बीच दर्ज किया गया है, जबकि बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स, घाटकोपर और मुलुंड जैसे इलाकों में यह स्तर 290 तक पहुँच गया है, जो 'बेहद खराब' श्रेणी के करीब है.
शहर में जारी करीब 1,954 निर्माण परियोजनाओं से उठने वाली धूल को प्रदूषण का मुख्य कारण माना जा रहा है. BMC ने जनवरी 2026 में बॉम्बे हाई कोर्ट को सूचित किया था कि प्रदूषण नियमों का पालन न करने वाली 662 साइटों को 'स्टॉप वर्क' नोटिस जारी किए गए हैं.
दीपिका पादुकोण जल्द ही शाहरुख खान के साथ फिल्म 'किंग' में नजर आएंगी, जो दिसंबर 2026 में रिलीज होने वाली है. इसके अलावा उनके पास निर्देशक एटली की आगामी फिल्म भी पाइपलाइन में है, जिसमें वे अल्लू अर्जुन के साथ स्क्रीन साझा करेंगी.