रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सड़क दुर्घटना में सीआरपीएफ के 3 जवानों समेत 4 की मौत

C

CG Khabar

14 फ़र. 2026, 07:22 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सीआरपीएफ
सीआरपीएफ

धमतरी | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार को एक सड़क हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवानों और एक चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है.


यह हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र में खपरी बाईपास के पास हुआ. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, CRPF के जवान मुकेश कुमार, उपनिरीक्षक (SI) उमेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजकुमार गौड़, अभिमान राय तथा चालक हीरालाल जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार सामने चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी.

विज्ञापन


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के एयरबैग खुल गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार और SI उमेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद कार में शव और घायल फंसे रह गए. सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने क्रेन, कटर और सब्बल की मदद से सभी को बाहर निकाला.


घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चालक हीरालाल और एक अन्य जवान ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. गंभीर रूप से घायल अभिमान राय की स्थिति नाजुक होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया है.


घटना की सूचना मिलते ही धमतरी CSP अभिषेक चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडेय तथा CRPF के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर घूम गई और पूरी तरह पिचक गई. फिलहाल पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवा दिया है. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP