सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

सूर्य पर प्लाज्मा की झमाझम बारिश का कारण कोरोनल रेन

C

CG Khabar

10 अक्टू. 2025, 07:41 AM 2 मिनट में पढ़ें 4

सूर्य सौर बारिश
सूर्य सौर बारिश

होनोलूलू । डेस्क: अअमरीका की यूनिवर्सिटी ऑफ हवाई इंस्टीट्यूट फॉर एस्ट्रोनॉमी के दो वैज्ञानिक जेफ्री रीप और उनके छात्र ल्यूक बेनाविदेज़, ने सूर्य पर होने वाली रहस्यमय सौर वर्षा यानी कोरोनल रेन को लेकर एक नया और हैरान करने वाला सिद्धांत पेश किया है. उनका कहना है कि अब तक वैज्ञानिक जो मानते आए थे, वो पूरी तरह सही नहीं था.


सूर्य के वातावरण की सबसे बाहरी परत को कोरोना कहा जाता है. कभी-कभी इस परत में ठंडा और घना प्लाज्मा (गर्म गैस जैसा पदार्थ) जमा हो जाता है. यह प्लाज्मा अपनी गर्मी तेजी से खो देता है और भारी होकर नीचे गिरने लगता है, जैसे आसमान से बारिश की बूंदें गिरती हैं. यही दृश्य सौर वर्षा कहलाता है.

विज्ञापन


अब तक वैज्ञानिकों का मानना था कि सूर्य के वातावरण में मौजूद पदार्थों जैसे लोहा, ऑक्सीजन और हाइड्रोजन का मिश्रण स्थिर रहता है. इसलिए प्लाज्मा को ठंडा होने में घंटों या कभी-कभी दिनों का समय लगता है.


लेकिन जेफ्री रीप और ल्यूक बेनाविदेज़ के अनुसार यह धारणा गलत है. उनका कहना है कि प्लाज्मा को ठंडा होने में इतना समय नहीं लगता, यह प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है. उनका शोध बताता है कि यह सौर वर्षा सौर ज्वाला यानी Solar Flare के तुरंत बाद होती है.


अपने शोध को एस्ट्रोफिज़िकल जर्नल में प्रकाशित करते हुए दोनों वैज्ञानिकों ने बताया कि सूर्य के वातावरण में मौजूद पदार्थों का मिश्रण स्थिर नहीं रहता. सौर ज्वाला जैसी घटनाओं के दौरान इन तत्वों की प्रकृति बदल जाती है. उदाहरण के लिए, लोहा बहुत तेजी से गर्मी सोखता है और उतनी ही तेजी से उसे छोड़ भी देता है. यही बदलाव प्लाज्मा को मिनटों में ठंडा होने में मदद करता है.


इस अध्ययन से सिर्फ सौर वर्षा ही नहीं, बल्कि सूर्य पर होने वाली अन्य घटनाओं जैसे सौर तूफ़ान यानी Solar Storm और कोरोनल मास इजेक्शन को समझने में भी मदद मिलेगी. ये घटनाएं पृथ्वी के संचार और उपग्रह प्रणालियों को प्रभावित कर सकती हैं. इसलिए वैज्ञानिक मानते हैं कि सूर्य के इस व्यवहार को समझना अंतरिक्ष मौसम की भविष्यवाणी के लिए बेहद ज़रूरी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP