छत्तीसगढ़ में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 28, 9 नये मामले
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में कोरोना के मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं. पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9 नए मरीज मिले हैं. गुरुवार को रायपुर में 5 और बिलासपुर में 4 मरीजों की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही अब तक प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 28 हो गई है. वहीं दो मरीज ठीक भी हो चुके हैं.
इनको मिलकर अब तक प्रदेश में कोरोना के 30 मामले सामने आ चुके हैं.
राज्य में सबसे ज्यादा 18 सक्रिय मामले राजधानी रायपुर में हैं. इसके बाद बिलासपुर में 6, दुर्ग में 3 और बस्तर में 1 मामले सक्रिय हैं.
रायपुर के 28 सक्रिय मामलों में 27 होम आइसोलेशन में हैं. एक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ज्यादातर मरीज हल्के लक्षण वाले हैं. जिस वजह से घबराने वाली बात नहीं है.
ज्यादातर मरीज होम क्वारंटाइन में ही ठीक हो जा रहे हैं. उन मरीजों का ज्यादा खतरा है जो पहले से दूसरी बीमारियों से पीड़ित हैं.
ऐसे मरीजों को ज्यादा तकलीफ हो रही है. हालांकि वे भी इलाज के बाद ठीक हो रहे हैं.
स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश में लगातार कोरोना के बढ़ रहे मरीजों की संख्या को देखते हुए कोविड जेएन.1 को लेकर अलर्ट जारी किया है.
सर्दी-खासी के मामले बढ़े
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बदलते मौसम के चलते भी प्रदेश में सर्दी-खासी और फ्लू के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं.
इनफ्लुएंजा लाइक इलनेस यानी आईएलआई और सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस (SARI) के मामलों की मॉनिटरिंग तेज की गई है.
जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए जरुरत पड़ने पर एम्स रायपुर को सैंपल भेजे जाएंगे.
दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में भी मितानिनों के माध्यम से भी लक्षणों की पहचान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
इसके साथ ही अस्पतालों को आवश्यक दवाइयों और पीपीई किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं.