बस्तर पंडुम में भ्रष्टाचार के कांग्रेस के आरोप
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर पंडुम आयोजन के खर्च को लेकर सियासत गरमा गई है. राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने चालू वर्ष के फरवरी माह में जगदलपुर में आयोजित इस महोत्सव के दौरान व्यापक स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया है.
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा किया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में टेंट, डेकोरेशन और पंडाल के नाम पर 6.14 करोड़ रुपये से अधिक का अनुचित खर्च किया गया.
उन्होंने इसे जनजातीय संस्कृति के नाम पर बस्तर की जनता के पैसों की बर्बादी करार दिया.
दूसरी ओर, राज्य के उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. साव ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और यह केवल राजनीतिक बयानबाजी है.
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त होती है तो सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के लिए तैयार है. उधर, लोक निर्माण विभाग के जगदलपुर स्थित अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी है कि ठेकेदार के कुल बिलों का केवल 70 प्रतिशत भुगतान ही जारी किया गया है और शेष 30 प्रतिशत राशि फिलहाल रोक कर रखी गई है.