रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सीएम साय ने युवाओं के साथ लगाई दौड़

H

Hupendra Sharma

14 अग. 2025, 08:00 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सीएम साय ने लगाई दौड़
सीएम साय ने लगाई दौड़

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में शामिल हुए और कार्यक्रम को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने सैकड़ों युवाओं के साथ स्वतंत्रता दौड़ लगाई.


सीएम साय ने कहा कि तिरंगा पूर्वजों के वर्षों के संघर्षों और बलिदान का जीवंत प्रतीक है. हम सभी तिरंगे की शान को हमेशा बनाए रखेंगे. अपने अमर बलिदानियों को कभी नहीं भूलेंगे और सभी मिलकर विकसित, समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण करेंगे.

विज्ञापन


सीएम साय ने कहा कि तिरंगे में करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाएं समाई हैं और यह हमारी वीरता, शांति और समृद्धि के भाव की अमिट चेतना है.


उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्राएं और हर-घर तिरंगा फहराने के संकल्प ने इस पावन अवसर को जन-जन से जोड़ दिया है. तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का जीवंत प्रतीक है. 


उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि आज़ादी अनगिनत बलिदानों की अमूल्य देन है. लाखों-करोड़ों देशभक्तों ने अपने प्राण न्योछावर किए, तब जाकर हमें यह स्वतंत्रता प्राप्त हुई.


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के खास अवसर ने मुझे बचपन के दिनों की याद दिला दी. जब मैं स्कूल में था तब स्वतंत्रता दिवस पर प्रभात फेरी निकलती थी. गांव-गांव में देशभक्ति गाने गूंजते थे. उन्होंने कहा कि उस समय जो गर्व महसूस होता था, वही गर्व आज भी हमारे दिल में है.


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारा दायित्व है कि हम अपने देश और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएं. वर्ष 2047 तक के लिए हमने विकसित छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट तैयार किया है और हमारी सरकार उसी के अनुरूप कार्य कर रही है. यह सरकार के साथ-साथ हम सभी का साझा संकल्प है.


खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ सिर्फ एक दौड़ नहीं बल्कि आजादी के लिए किए गए संघर्ष का प्रतिसाद है. देश को वीर सपूतों के बलिदान से आजादी मिली है. 


इस दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार मौजूद रहे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP