शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

CJP फिलहाल प्रेशर ग्रुप के रूप में करेगी काम: अभिजीत दीपके

C

CG Khabar

05 अग. 2026, 08:54 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

अभिजीत दिपके
अभिजीत दिपके

इथेनॉल-मिश्रित ईंधन, युवाओं की बेरोजगारी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जा रही है


छत्रपति संभाजीनगर । डेस्क: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की दो दिवसीय कोर टीम बैठक की शुरुआत के साथ पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया है कि संगठन का अभी चुनाव में उतरने का कोई इरादा नहीं है. सीजेपी फिलहाल एक सार्वजनिक दबाव समूह (प्रेशर ग्रुप) के रूप में कार्य करेगी, क्योंकि वर्तमान में देश को इसी की सबसे अधिक आवश्यकता है. 


बैठक में देश के संस्थानों जैसे मीडिया, न्यायपालिका और निर्वाचन आयोग के प्रति घटते जनविश्वास, इथेनॉल-मिश्रित ईंधन, तथा युवाओं की बेरोजगारी जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जा रही है.

विज्ञापन


अभिजीत दीपके ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हाल ही में नीट पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुए आंदोलन को देशभर में युवाओं का भारी समर्थन मिला है, जिससे संगठन पर लोगों की अपेक्षाएं और जिम्मेदारी दोनों बढ़ गई हैं. 


उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा दौर में राजनीतिक दलों और मुख्य संस्थानों की साख कमजोर हुई है, इसलिए इनमें जवाबदेही तय करने के लिए एक मजबूत जन-दबाव समूह की जरूरत है. 


इसके साथ ही, सीजेपी के कोर मेंबर्स ने आने वाले समय में झारखंड में जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन का खुलकर समर्थन करने और वहां जाने का भी ऐलान किया है.


पार्टी प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि प्रसिद्ध पर्यावरणविद और कार्यकर्ता सोनम वांगचुक संगठन के मेंटर के रूप में उनका मार्गदर्शन करते रहेंगे. 


संगठन का मुख्य ध्यान हालिया छात्र आंदोलनों के दौरान घायल हुए युवाओं को कानूनी और मेडिकल मदद पहुंचाने तथा उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करवाने पर है. 


इसके अतिरिक्त, इस दो दिवसीय बैठक में सीजेपी के जमीनी विस्तार, भविष्य के रोडमैप और जन-मुद्दों पर युवाओं (जेन-जी) की राय को शामिल करने पर गहराई से मंथन किया जा रहा है, जिसकी अंतिम घोषणाओं की जानकारी बैठक के समापन के बाद दी जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP