रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में तीन मंत्रियों ने शपथ ली

छत्तीसगढ़ तीन मंत्रियों ने शपथ ली

C

CG Khabar

20 अग. 2025, 06:44 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण समारोह

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने बुधवार को तीन मंत्रियों को शपथ दिलाई. राजभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम् में विधायक गजेन्द्र यादव, राजेश अग्रवाल एवं गुरू खुशवंत साहेब को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. 


इस तरह से छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री को मिलाकर 14 मंत्री हो गये हैं.

विज्ञापन


इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव, विजय शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्रीपरिषद के सदस्यगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित थे. 


कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने किया. इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना भी उपस्थित थे.


तीनों मंत्री पहली बार चुनाव जीत कर आए हैं. इनमें से 2 मंत्री राजेश अग्रवाल और खुशवंत साहेब पूर्व में कांग्रेसी रह चुके हैं.


गौरतलब है कि राज्य गठन के बाद से छत्तीसगढ़ में पिछली सरकार तक मुख्यमंत्री सहित 13 मंत्री रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक छत्तीसगढ़ ने ‘हरियाणा मॉडल’ अपनाया है, जहां 90 सदस्यीय विधानसभा में मुख्यमंत्री सहित 14 मंत्री होते हैं. 


संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, किसी राज्य के मंत्रिपरिषद का आकार, जिसमें मुख्यमंत्री भी शामिल हैं, विधानसभा की कुल संख्या के 15 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकता है. 


90 सदस्यों वाले छत्तीसगढ़ में यह सीमा 13.5 है, जिससे 14 कैबिनेट सदस्यों के लिए जगह बनती है. छत्तीसगढ़ में 90 सदस्यीय विधानसभा में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 14 सदस्य हो सकते हैं.


नए मंत्रियों के साथ 14 सदस्यीय साय मंत्रिमंडल में आठ सदस्य ऐसे हो गए हैं, जो पहली बार विधानसभा के लिए चुनकर आए हैं. 


साय मंत्रिमंडल में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी पहली बार के विधायक हैं.


मंत्रिमंडल विस्तार के बाद साय सरकार में सरगुजा संभाग से पांच, बिलासपुर संभाग से तीन, रायपुर संभाग से दो, दुर्ग संभाग से तीन तथा बस्तर संभाग से एक सदस्य हैं. 


राज्य में 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने कांग्रेस को हराकर पांच वर्ष बाद सत्ता में वापसी की थी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP