सूरजपुर: भटगांव में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव नगर पंचायत के वार्ड नंबर-7 में एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतका की पहचान पिंकी देवी (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने पति पप्पू निषाद और दो बच्चों के साथ रहती थी.
पुलिस ने पप्पू निषाद की शिकायत पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
घटना उस समय सामने आई जब पिंकी देवी का बड़ा बेटा स्कूल से लौटकर घर पहुंचा. उसने देखा कि घर का दरवाजा ताला बंद है.
उसने पड़ोसियों से अपनी मां और पिता के बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बाद उसने पड़ोस की एक महिला की मदद से अपने पिता को फोन करवाया.
पप्पू निषाद ने बताया कि उन्हें पड़ोसियों और बेटे का फोन आया, जिसमें पिंकी के लापता होने की जानकारी दी गई.
पड़ोसियों के साथ मिलकर जब बेटे ने घर के अंदर झांककर देखा तो पिंकी देवी का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला.
पप्पू निषाद के कहने पर पड़ोसियों ने ताला तोड़ा और घटना की पुष्टि की.
इसके बाद पप्पू निषाद ने सूरजपुर से लौटकर भटगांव थाने में पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की.
पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि पिंकी देवी ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया.
प्रारंभिक जांच में अभी तक कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है. भटगांव पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है.