रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: शराब के लिए पैसे न देने पर चाकू मारा

C

CG Khabar

17 अग. 2025, 05:54 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

चाकू मारा
चाकू मारा

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां 20 वर्षीय युवक मंजीत यादव को एक मजदूर पर चाकू से हमला करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है. वारदात तब हुई जब मजदूर ने आरोपी को शराब खरीदने के लिए पैसे देने से मना कर दिया. पुलिस ने हमले में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है.


पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बबलू भुइया देवी आयरन कंपनी में मजदूर है. घटना के समय वह अपने साथियों नरेंद्र कुमार सिंह और सतीश चंद्रवंशी के साथ रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर सिलतारा गांव के पास पैदल जा रहा था. तभी बाइक से पहुंचे मंजीत ने उन्हें रोककर शराब के लिए पैसे मांगे.

विज्ञापन


जब बबलू और उसके दोस्तों ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. विरोध करने पर मंजीत ने बबलू पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया.


सूचना मिलने पर धरसीवा थाने में भारतीय दंड संहिता और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. सिलतारा चौकी प्रभारी राजेंद्र कंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़ित और उसके दोस्तों से पूछताछ की तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की.


इसके बाद मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मंजीत को रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सड्डू स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP