छत्तीसगढ़ में SIR-2026 का फॉर्म भरें ऑनलाइन, पिछला वोटर लिस्ट भी उपलब्ध
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR का कार्य जारी है. अब तक छत्तीसगढ़ के 1 करोड़ 13 लाख 8 हजार 440 मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म बांटे जा चुके हैं. राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 है.
मतदाता खुद से भी https://voters.eci.gov.in/enumeration-form-new के माध्यम से अपना एन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन भर सकते हैं. विगत एसआईआर-2003 की मतदाता सूची वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/searchInSIR/S2UA4DPDF-JK4QWODSE पर उपलब्ध है. इसमें मतदाता अपने या अपने माता-पिता के नाम आसानी से सर्च कर सकते हैं.
मतदाताओं की सुविधा हेतु एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की ऑनलाइन सुविधा voters.eci.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध है. इच्छुक मतदाता स्वयं इस पोर्टल पर जाकर अपने विवरण ऑनलाइन भर सकते हैं. साथ ही, हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर मतदाता किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता प्राप्त कर सकते हैं.
ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी “Book a Call with BLO” सुविधा उपलब्ध है, जिसके जरिए मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी से सीधे संपर्क कर सकते हैं. प्रत्येक जिला एवं तहसील स्तर पर स्थापित हेल्प डेस्क में गणना प्रपत्र भरने एवं आवश्यक मार्गदर्शन की सुविधा प्रदान की जा रही है.
इसके अतिरिक्त, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर SIR-2026 से संबंधित जानकारी नियमित रूप से साझा किए जा रहे हैं, जिनसे मतदाता इस प्रक्रिया से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
एन्यूमरेशन फॉर्म भरने में सहायता के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र स्तर पर जिला प्रशासन द्वारा वॉलिंटियर्स की नियुक्ति की गई है.साथ ही साथ सभी राजनीतिक दलों द्वारा बूथ लेवल एजेंट की भी नियुक्ति की गई है. जो मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने में मदद कर रहे हैं.
SIR की प्रक्रिया में किसी प्रकार की कोई बाधा ना हो और कार्य सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए 14 अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति की गई है जो कि संबंधित जिले के नगर निगम कमिश्नर है. इसके साथ ही तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार स्तर के 103 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की भी नियुक्ति की गई है
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ द्वारा सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूचियां के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी कर त्रुटि रहित मतदाता सूची के निर्माण में सहयोग दें. (symbolic photo)