सरगुजा: तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, 2 की मौत
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग पर लुचकी घाट के निकट शुक्रवार शाम तेज गति से आ रहे एक हाईवा ने पीछे से बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों को वाहन ने घसीटते हुए अपने नीचे दबा लिया, जिससे उनके शरीर बुरी तरह चिथड़े-चिथड़े हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. तीसरा युवक सड़क किनारे छिटककर गिरा, लेकिन वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया.
मृतकों की पहचान आदित्य खाका (निवासी बनेया, सीतापुर) और रितेश पैकरा (निवासी बतौली) के रूप में हुई है. घायल युवक अनिश (निवासी बनेया, सीतापुर का निवासी) को डायल-112 की सहायता से तुरंत अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है.
हादसे के बाद हाईवा चालक ने वाहन लेकर मौके से फरार होने की कोशिश की. पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर मृतकों और घायल के परिजनों से संपर्क किया, जो अब अंबिकापुर पहुंच चुके हैं. कोतवाली और यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी में रखवाया गया है.
यातायात प्रभारी विजय कैवर्त ने बताया कि हाईवा ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी और दो सवारों को घसीटते हुए कुचल दिया. पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है.