रायपुर में चाकू से युवक का खून, खूनी गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी के टिकरापारा इलाके में बकाया पैसों के लेनदेन को लेकर उपजा विवाद एक खूनी वारदात में तब्दील हो गया. रावतपुरा फेस-02 स्थित साईं मंदिर के समीप शुक्रवार को एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घेराबंदी की और वारदात के महज दो घंटे के भीतर ही आरोपी को दबोच लिया.
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च की दोपहर अजय अग्रवाल (34 वर्ष) पर उनके घर के बाहर ही सब्जी काटने वाले चाकू से हमला किया गया था. लहूलुहान हालत में अजय ने अपने परिजनों को बताया कि उन पर डोमेश्वर देवांगन ने वार किया है.
अस्पताल में दम तोड़ने से पहले दिया गया यह बयान आरोपी की गिरफ्तारी का मुख्य आधार बना. टिकरापारा थाना और साइबर सेल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही डोमेश्वर को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
आरोपी ने खुलासा किया कि वह कंस्ट्रक्शन के काम से जुड़ा है और मृतक के पास उसके 50 हजार रुपये बकाया थे. काफी समय से वह अपने पैसों की मांग कर रहा था, लेकिन भुगतान नहीं होने के कारण वह आक्रोश में था.
घटना के दिन आरोपी पैसे मांगने अजय के घर पहुंचा था, जहां बात बिगड़ने पर उसने अजय के बाहर निकलते ही उन पर हमला कर दिया. फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.