रायगढ़: RPF हेड कॉन्स्टेबल की गोली मारकर हत्या
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ ज़िले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक हेड कॉन्स्टेबल को बुधवार तड़के उनके सहकर्मी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
यह घटना रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर स्थित आरपीएफ चौकी में तड़के करीब 4 बजे हुई.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेड कॉन्स्टेबल केएस लेडर ने अज्ञात मुद्दे पर हुए विवाद के बाद अपने सर्विस पिस्तौल से हेड कॉन्स्टेबल पीके मिश्रा पर कथित तौर पर चार गोलियां चलाईं.
स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) कुलदीप कुमार ने बताया कि मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई.
उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है.
घटना के तुरंत बाद, राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी पिस्तौल जब्त कर ली.
एक मामला दर्ज कर लिया गया है, और शव को पोस्टमार्टम के लिए ज़िला अस्पताल भेज दिया गया है. अधिकारी ने आगे कहा कि घटना की जांच जारी है.