रायगढ़ की नाबालिग लड़की झांसी से बरामद
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की घरघोड़ा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर अपहरण करने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी गोविंद ओगरे (27 वर्ष) के कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है. आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
मामले का खुलासा तब हुआ जब 29 जनवरी को परिजनों ने घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी बेटी स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी. पुलिस ने तत्काल धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस को पता चला कि आरोपी बालिका को कार से झांसी (नवाबाद) ले गया है. रायगढ़ पुलिस की एक विशेष टीम ने झांसी पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा. पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर इस वारदात को अंजाम दिया था.
रायगढ़ जिले में हाल के महीनों में 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत लापता बच्चों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. छत्तीसगढ़ पुलिस अब सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में 'अभिव्यक्ति' ऐप और साइबर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से किशोरियों को जागरूक कर रही है.