छत्तीसगढ़: सट्टेबाजी ऐप 'शिवा' का भंडाफोड़
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप 'शिवा' का किया भंडाफोड़ कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है. छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टेबाजी को बढ़ावा देने वाले 'शिवा' ऐप का पर्दाफाश किया है.
इस ऐप के जरिये अवैध सट्टेबाजी की वेबसाइटें उपयोगकर्ताओं को जोड़ रही थीं. पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जो बैंक खातों और यूजर आईडी के नेटवर्क के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी को संचालित कर रहे थे.
पुलिस को यह सुराग एक सट्टेबाज से मिला, जिसे 18 जून को ऑनलाइन सट्टा खेलने की शिकायत पर पहले गिरफ्तार किया गया था. उसकी जानकारी के आधार पर खैरागढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर में छापेमारी की, जहां इस सट्टेबाजी रैकेट का संचालन हो रहा था.
जांच में पता चला कि 'शिवा' ऐप का संचालन पड़ोसी दुर्ग जिले से भी किया जा रहा था. पुलिस को संदेह है कि इस ऐप का मास्टरमाइंड दुर्ग का निवासी हो सकता है.
खैरागढ़ के पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने बताया, "हमने अब तक विभिन्न बैंकों में 20 करोड़ रुपये से अधिक की नकद लेनदेन का पता लगाया है. सर्वर के तकनीकी विश्लेषण के बाद, नागपुर और दुर्ग में इसके दो मुख्य केंद्रों को जब्त कर निष्क्रिय कर दिया गया है. जब्त किये गये दस्तावेजों और संचालन के आधार पर, यह ऐप एक संगठित गिरोह की तरह काम कर रहा था. छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच आगे बढ़ने के साथ और भी गिरफ्तारियां होंगी."
पुलिस ने बताया कि इस मामले के दो मुख्य संचालक अभी फरार हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जायेगा. डिजिटल साक्ष्यों और अन्य पैनलों के सामने आने के बाद कानूनी कार्रवाई और तेज की जायेगी.
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 50,000 रुपये नकद, 2.28 लाख रुपये का बैंक बैलेंस, कुल 2.78 लाख रुपये की नकदी, 25 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 26 एटीएम कार्ड, 19 बैंक पासबुक, 14 चेकबुक, 4 वाई-फाई राउटर, 8 आधार कार्ड, एक पासपोर्ट, 11 सिम कार्ड और 4 रजिस्टर बरामद किये हैं.
पुलिस ने इस ऑनलाइन घोटाले से जुड़े सभी बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है और पैसों के लेनदेन का पता लगाया है. आरोपियों से पूछताछ के बाद कुछ बड़े नामों के सामने आने की संभावना है.