ओडिशा से अंतर्राज्यीय गांजा नेटवर्क के तस्कर गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पुलिस ने गांजा तस्करी के एक विशाल और संगठित अंतरराष्ट्रीय तंत्र को नेस्तनाबूद करते हुए लगातार 48 घंटे तक 'ऑपरेशन क्लीन' चलाया. इस मैराथन अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने ओडिशा के कई जिलों में एक साथ दबिश दी, जिसमें तस्करी नेटवर्क की कमर टूट गई है.
इस हाई-प्रोफाइल मिशन के लिए 50 जांबाज पुलिसकर्मियों की एक संयुक्त टीम बनाई गई थी, जिसमें एसीसीयू (ACCU), एएनटीएफ (ANTF) और विभिन्न थानों के विशेषज्ञों को शामिल किया गया.
वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी निगरानी में पुलिस ने केवल स्थानीय पैडलर्स तक सीमित न रहकर, सीधे स्रोत यानी सप्लाई चेन पर प्रहार किया.
जांच के तार जोड़ते हुए पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़, बलांगीर, टिटलागढ़, कंधमाल और बौध जैसे नक्सल प्रभावित और दुर्गम इलाकों में छापेमारी कर कुल 9 शातिर तस्करों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है. गिरफ्तार आरोपियों में से एक महाराष्ट्र का निवासी है, जबकि शेष 8 आरोपी ओडिशा के रहने वाले हैं.
पुलिस की शुरुआती पूछताछ और जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. यह गिरोह केवल छत्तीसगढ़ तक ही सीमित नहीं था, बल्कि मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात और पंजाब जैसे राज्यों तक नशे की खेप पहुँचा रहा था.
रायपुर पुलिस की इस सर्जिकल स्ट्राइक ने न केवल गांजे की अवैध सप्लाई को रोका है, बल्कि विभिन्न राज्यों में फैले इस सिंडिकेट को भी ध्वस्त कर दिया है. पुलिस अब इन आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि इस काले कारोबार की जड़ों को पूरी तरह से उखाड़ा जा सके.