नक्सली स्मारक पर तिरंगा फहराने वाले युवक की हत्या
नक्सली स्मारक पर तिरंगा फहराने वाले युवक की बेरहम हत्या
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 38 वर्षीय मनेश नरेटी को स्वतंत्रता दिवस पर नक्सली स्मारक पर तिरंगा फहराने और भारत माता की जय के नारे लगाने की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी.
15 अगस्त को हुई इस घटना का खुलासा दो दिन बाद हुआ. नक्सलियों ने नरेटी को बिना गुंडा क्षेत्र के एक सुनसान इलाके में ले जाकर धारदार हथियार से उसकी निर्मम हत्या कर दी.
एक वीडियो फुटेज में नरेटी को ग्रामीणों और बच्चों के साथ तिरंगा फहराते और उत्साह से आजादी का जश्न मनाते देखा गया.
हालांकि, यह देशभक्ति नक्सलियों को रास नहीं आई और उन्होंने इस कायराना हरकत को अंजाम दिया. कांकेर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत सुरक्षा बलों ने नक्सली स्मारकों को ध्वस्त किया था, जिससे नरेटी उत्साहित था.
वह इस बार दोगुने जोश के साथ स्वतंत्रता दिवस मना रहा था, लेकिन यह उसकी आखिरी खुशी साबित हुई.
गौरतलब है कि बिना गुंडा क्षेत्र में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक देश को नक्सलमुक्त करने का संकल्प लिया था.
उनके ऐलान के बाद सुरक्षा बलों ने 29 नक्सलियों को मार गिराया था.