छत्तीसगढ़: सक्ती से ओमप्रकाश बंजारे जिला-बदर हुआ
सक्ती । डेस्क: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में अमन-चैन कायम करने और आपराधिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने क्षेत्र में सक्रिय बदमाश ओमप्रकाश बंजारे को जिला बदर करने का फरमान सुनाया है.
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर की रिपोर्ट और आरोपी के खिलाफ मौजूद साक्ष्यों का बारीकी से अध्ययन करने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है.
छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धाराओं के तहत जारी इस आदेश में जैजैपुर थाना क्षेत्र के सेन्दरी निवासी ओमप्रकाश बंजारे को आगामी एक साल के लिए सक्ती सहित पांच जिलों की सीमाओं से बाहर रहने को कहा गया है.
उसे सक्ती के साथ-साथ जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की सरहद से 24 घंटे के भीतर हटने की हिदायत दी गई है. इस अवधि के दौरान उसकी इन क्षेत्रों में मौजूदगी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी.
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी के खिलाफ न्यायालयों में कई मामले चल रहे हैं और पूर्व में दी गई चेतावनियों का उसके व्यवहार पर कोई सकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ा.
हालांकि सुनवाई के दौरान उसने खुद को सामाजिक आंदोलनों से जुड़ा बताया, लेकिन वह अपनी बेगुनाही का कोई पुख्ता प्रमाण पेश नहीं कर सका.
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता के मन से भय का माहौल खत्म करने के लिए प्रशासन ने उसे निष्कासित करना ही उचित समझा. स्थानीय संगठनों की शिकायतों ने भी इस निर्णय में अहम भूमिका निभाई है.