रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

नेशनल हेल्थ मिशन के 16 हजार कर्मचारी हड़ताल पर

C

CG Khabar

17 अग. 2025, 06:38 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

हड़ताल
हड़ताल

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में नेशनल हेल्थ मिशन के 16 हजार कर्मचारी 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं. इस हड़ताल के कारण आपातकालीन सेवाएं भी बंद रहेंगी, जिससे राज्य भर में स्वास्थ्य सेवाओं में व्यवधान की आशंका बढ़ गई है.


एनएचएम कर्मचारी संघ ने शनिवार को इस हड़ताल की चेतावनी दी थी और कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को इसकी सूचना दी गई थी. 

विज्ञापन


कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्य सरकार को 15 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन मांगों पर कोई निर्णय नहीं होने के कारण उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल का फैसला लिया है.


एनएचएम कर्मचारी संघ के राज्य अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी, महासचिव कौशलेस तिवारी, डॉ. रवि शंकर दीक्षित, पुरन दास और हेमंत सिन्हा ने संयुक्त बयान में कहा कि इस बार हड़ताल के दौरान विशेष नवजात देखभाल इकाई सहित सभी आपातकालीन सेवाएं बंद रहेंगी. उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले ही सूचना दी जा चुकी है.


कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में एनएचएम कर्मचारियों का स्थायीकरण/विलय, सार्वजनिक स्वास्थ्य संवर्ग की स्थापना, ग्रेड पे का निर्धारण, कार्य मूल्यांकन प्रणाली में पारदर्शिता, 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि का लंबित भुगतान, नियमित भर्ती में सीटों का आरक्षण, अनुकंपा नियुक्ति, चिकित्सा और अन्य अवकाश सुविधाएं, स्थानांतरण नीति और न्यूनतम 10 लाख रुपये का कैशलेस चिकित्सा बीमा शामिल हैं.


इस हड़ताल से छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ने की संभावना है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP