छत्तीसगढ़: नमि राय ने पावरलिफ्टिंग में जीता स्वर्ण पदक
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की नमि राय पारीख ने जापान में अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है. छत्तीसगढ़ की नमि राय परीख ने जापान के हिमेजी में आयोजित एशिया, अफ्रीका, प्रशांत अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
महिला 57 किग्रा वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए नमि राय ने 185 किग्रा के वेटलिफ्ट के साथ यह उपलब्धि हासिल की.
इस चैंपियनशिप में उन्होंने अपने वर्ग में कुल मिलाकर पांचवां स्थान भी प्राप्त किया. यह नमि राय का पहला अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन था, जिसने उन्हें वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई.
भारतीय पावरलिफ्टिंग टीम के एक अन्य सदस्य, कर्नाटक के आदर्श अट्टावर ने भी इस प्रतियोगिता में देश का नाम रोशन किया.
उन्होंने सीनियर 59 किग्रा वर्ग में हिस्सा लिया और 260 किग्रा स्क्वाट (स्वर्ण), 135 किग्रा बेंच प्रेस (रजत), और 276 किग्रा डेडलिफ्ट (स्वर्ण) के साथ शानदार प्रदर्शन किया. उनकी 276 किग्रा की वेटलिफ्ट ने नया विश्व रिकॉर्ड बनाया. आदर्श का कुल लिफ्ट 671 किग्रा रहा.
31 सदस्यीय भारतीय दल में 18 महिलायें और 13 पुरुष शामिल थे, जिन्होंने सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर्स वर्गों में हिस्सा लिया. भारतीय टीम ने इस चैंपियनशिप में कुल 6 स्वर्ण, 8 रजत और 6 कांस्य पदक जीतकर समग्र रूप से तीसरा स्थान हासिल किया.