शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में बांग्लादेशी के शक में बंगाल के मजदूरों की पिटाई

C

CG Khabar

06 जन. 2026, 02:03 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

पुरुलिया रेलवे स्टेशन
पुरुलिया रेलवे स्टेशन

कोलकाता । डेस्क: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से पश्चिम बंगाल के प्रवासी मजदूरों के साथ मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है. तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों और पीड़ित मजदूरों के अनुसार, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले आठ मजदूरों पर रविवार को उस समय हमला किया गया, जब वे सूरजपुर स्थित 'जय दुर्गा बेकरी' में काम कर रहे थे. 


मजदूरों का आरोप है कि करीब 50 से 60 लोगों की भीड़, जो कथित तौर पर बजरंग दल से जुड़ी थी, ने उन्हें घेर लिया और पहचान पत्र दिखाने के बावजूद उन्हें 'बांग्लादेशी' कहकर बुरी तरह पीटा.


पीड़ित मजदूरों में शामिल शेख असलम ने एक वीडियो संदेश में आपबीती सुनाते हुए बताया कि बेकरी मालिक ने उन्हें अचानक बकाया भुगतान कर वहां से चले जाने को कहा था, लेकिन उनके निकलने से पहले ही भीड़ ने हमला कर दिया. 


मजदूरों का दावा है कि पिटाई के बाद उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां से रिहा होने के बाद वे किसी तरह वापस पुरुलिया लौटे और स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. 


इस घटना में शेख असलम, शेख जसीम और शेख जुल्फिकार समेत अन्य लोग घायल हुए हैं. 


पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रवासी मजदूरों पर हो रहे इन हमलों को 'बंगाली अस्मिता' से जोड़ते हुए भाजपा शासित राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP