शराब घोटाले की लोगों को पहले से खबर थी- अरुण साव
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने शनिवार को दावा किया कि राज्य में बड़े पैमाने पर शराब घोटाला चल रहा था, जिसके बारे में आम जनता को पहले से जानकारी थी.
उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों ने इस मामले में सबूतों के आधार पर कार्रवाई की है.
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "छत्तीसगढ़ के आम लोगों को पता था कि राज्य में शराब घोटाला चल रहा है. घोटालों की जानकारी मिलने के बाद आयकर विभाग और ईडी ने इसकी जांच शुरू की. ईडी की जांच अभी भी जारी है. जिन लोगों के खिलाफ सबूत सामने आये हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. यह एक बहुत बड़ा घोटाला था."
उन्होंने आगे कहा कि जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से काम कर रही हैं और सबूतों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.