कोरबा: एसएस प्लाजा की कई दुकानों में भीषण आग
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सोमवार सुबह एक बड़ी खबर सामने आई है. यहाँ के व्यस्ततम व्यावसायिक परिसर एसएस प्लाजा में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एसएस प्लाजा की है. सुबह अचानक लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और परिसर की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया.
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची. आग की गंभीरता को देखते हुए एक के बाद एक कुल 12 दमकल की गाड़ियों को तैनात किया गया है. वर्तमान में फायर ब्रिगेड के कर्मी कड़ी मशक्कत के साथ आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं.
राहत की बात यह है कि अब तक इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है. हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और दुकानों में रखे सामान के भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है.