कोरबा में सांप के काटने से पिता-पुत्र की मौत, पत्नी गंभीर
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दुखद घटना में, सांप के काटने से 52 वर्षीय व्यक्ति और उनके 10 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है. यह घटना शुक्रवार तड़के इंदिरा नगर, दार्री पुलिस थाना क्षेत्र में हुई.
परिवार का आरोप है कि स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में एंटी-वेनम की अनुपलब्धता और इलाज में देरी के कारण यह हादसा हुआ.
परिजनों के अनुसार, चूड़ामणि भारद्वाज (52), जो एक एल्यूमीनियम संयंत्र में कर्मचारी थे, अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे, जब एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया. शुरू में चूड़ामणि ने इसे कीड़े का काटना समझकर नजरअंदाज कर दिया. बाद में सांप ने उनके बेटे प्रिंस (10) और पत्नी रजनी (41) को भी काट लिया.
परिजनों ने तुरंत पीड़ितों को गोपालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों ने आधे घंटे तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद इलाज से इनकार कर दिया और कहा कि उनके पास एंटी-वेनम उपलब्ध नहीं है.
इसके बाद पीड़ितों को कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक चूड़ामणि और प्रिंस की मौत हो चुकी थी. रजनी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है.
कोरबा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एस.एन. केसरी ने बताया कि इस मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
उन्होंने कहा, "गोपालपुर पीएचसी में एक नव नियुक्त कर्मचारी ने मरीजों को बिना जांच के ही रेफर कर दिया. इसकी जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी."