कोरबा: सरपंच की पिटाई से पोस्टमार्टम कर्मी की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पदस्थ एक बुजुर्ग कर्मचारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात इस कर्मचारी के साथ एक दबंग सरपंच ने बेरहमी से मारपीट की थी, जिससे आई गंभीर चोटों ने उनकी जान ले ली.
इस दुखद खबर के बाद अस्पताल कर्मियों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है, जिसके चलते स्वास्थ्य सेवाओं और मर्चुरी के कामकाज पर गहरा असर पड़ा है.
मामला 30 मार्च का है, जब एक युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने आए बेन्द्रकोना के सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर ने अस्पताल के बुजुर्ग कर्मी बालकृष्ण चनईया पर दबाव बनाना शुरू किया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरपंच जल्द पोस्टमार्टम कराने की जिद पर अड़ा था.
जब बालकृष्ण ने काम की व्यस्तता का हवाला देते हुए थोड़ा समय मांगा, तो सरपंच ने आपा खो दिया.
आरोप है कि सरपंच ने बुजुर्ग कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई की और उनका सिर दीवार पर दे मारा. गंभीर हालत में बालकृष्ण को आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई.
इस घटना ने अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है.
आक्रोशित परिजनों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने न्याय की मांग को लेकर मर्चुरी और मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया है.
मृतक की बेटी लक्ष्मी ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जब तक आरोपी सरपंच की गिरफ्तारी नहीं होती, वे पीछे नहीं हटेंगे. प्रदर्शन के कारण अस्पताल में अन्य शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी ठप हो गई है.
प्रशासनिक स्तर पर, मेडिकल कॉलेज के संयुक्त संचालक गोपाल कंवर ने पुष्टि की है कि घटना वाले दिन ही पुलिस को सूचित कर दिया गया था.
मौके पर पहुंचे सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है.
पुलिस का कहना है कि मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाकर आरोपी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, आरोपी सरपंच पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसे लेकर लोगों में भारी असंतोष व्याप्त है.