छत्तीसगढ़: कोरबा में 48 हाथियों के दल ने उजाड़े आदिवासियों के घर, दहशत में ग्रामीण
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पोड़ीउपरोड़ा ब्लॉक के वनांचल ग्राम धोबीबारी में बुधवार की रात हाथियों के एक विशाल दल ने जमकर तबाही मचाई. लगभग 48 हाथियों की मौजूदगी ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.
इस हमले में पंडों, धनुहार और गोंड समुदाय के छह परिवारों के घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं.
हाथियों ने न केवल आशियानों को निशाना बनाया, बल्कि तीन पालतू बकरों को भी कुचलकर मार डाला.
वर्तमान में पीड़ित परिवार कड़ाके की ठंड और असुरक्षा के बीच खुले आसमान के नीचे रातें काटने को मजबूर हैं.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह संकट केवल प्राकृतिक नहीं है. ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रहे खदान विस्तार और जंगलों की बेतहाशा कटाई ने हाथियों के प्राकृतिक रहवास को छीन लिया है, जिससे वे भोजन की तलाश में बस्तियों की ओर रुख कर रहे हैं.
प्रभावित ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि विभाग केवल कागजी खानापूर्ति और फोटो लेने तक सीमित रहता है, जबकि धरातल पर न तो सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं और न ही मुआवजे की राशि समय पर मिल पाती है.
बदहवास ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान की गुहार लगाई है ताकि उन्हें बार-बार होने वाले इस जान-माल के नुकसान से निजात मिल सके. Symbolic Photo