रायपुर के ग्रामीण अंचलों में चाकूबाजी और तीन मर्डर से सनसनी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जहाँ रंगों का त्योहार सौहार्द के साथ मनाया गया, वहीं जिले के ग्रामीण इलाकों से आई तीन मर्डर की खबरों ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया. जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई हत्या और चाकूबाजी की वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
आरंग के साहू पारा में उत्सव के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहाँ 18 वर्षीय नीरज लोधी पर धारदार हथियारों से प्राणघातक हमला किया गया. सिर और शरीर पर गहरे जख्मों के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
वहीं, खरोरा क्षेत्र के माठ गांव में भी एक अन्य 18 वर्षीय युवक, मोहित निषाद को अज्ञात हमलावरों ने मौत के घाट उतार दिया, जिससे पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.
हिंसा का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा. बरबंदा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते दिनेश विश्वकर्मा की जान ले ली गई, हालांकि इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है.
तिल्दा में भी एक व्यक्ति चाकूबाजी का शिकार होकर अस्पताल में जीवन और मौत की जंग लड़ रहा है.
विडंबना यह है कि इन वारदातों से ठीक पहले पुलिस ने सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए फ्लैग मार्च निकाला था, लेकिन धरातल पर ये कोशिशें बेअसर साबित हुईं.