कवर्धा हत्याकांड: डॉक्टर दंपति का हत्यारा ड्राइवर निकला
कवर्धा हत्याकांड: Dr दंपति का हत्यारा ड्राइवर निकला
रायपुर । संवाददाता: कबीरधाम पुलिस ने 8 साल पुराने डॉक्टर दंपति हत्याकांड का पर्दाफाश किया है. हत्यारा दंपति का पूर्व ड्राइवर सत्यप्रकाश साहू निकला. पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने शनिवार को प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी.
गौरतलब है कि 6 अप्रैल 2017 को कवर्धा के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. गणेश सूर्यवंशी और उनकी पत्नी डॉ. उषा सूर्यवंशी की लाशें उनके घर के आंगन में मिली थीं. सबूतों के अभाव में मामला अनसुलझा रहा. हाल की जांच में सत्यप्रकाश पर शक गहराया.
सत्यप्रकाश ने डॉ. गणेश को 1.80 लाख रुपये उधार दिये थे. रुपये मांगने गया तो दंपति के बीच विवाद देखा. जहां दंपति के बीच पहले से चल रहे घरेलू विवाद का गवाह बना. विवाद के दौरान डॉ. गणेश ने अपनी पत्नी पर भारी पत्थर से वार कर उनकी हत्या कर दी. यह देख सत्यप्रकाश घबरा गया और उसने डॉ. गणेश को धक्का देकर गिराया, फिर पत्थर से वार कर उनकी भी हत्या कर दी. उसने शव आंगन में खींचे, खून के निशान साफ किये और मोबाइल चुराकर गंडई में गिरवी रख दिया.
14 घंटे की पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सत्यप्रकाश ने अपराध कबूल किया. हाल ही में उसके खिलाफ ब्लैकमेलिंग की शिकायत भी दर्ज हुई थी. एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि यह जटिल हत्याकांड तकनीकी दक्षता, वैज्ञानिक विवेचना और धैर्य के साथ सुलझाया गया है.
आईजी अभिषेक शांडिल्य ने 30,000 रुपये और एसपी धर्मेंद्र सिंह ने 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी.