रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: भिलाई में फिर से पीलिया का प्रकोप

C

CG Khabar

10 जून 2026, 12:12 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

पीलिया
पीलिया

भिलाई । संवाददाता: भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-7 (वार्ड-67) में एक बार फिर पीलिया के नए मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है. हाल ही में इस इलाके की स्ट्रीट नंबर 41, 42 और 43 में तीन नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह सतर्क हो गया है. जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे के मुताबिक, वर्तमान में तीनों संक्रमितों की स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र में मेडिकल मोबाइल यूनिट (एमएमयू) को तैनात कर स्वास्थ्य शिविर लगाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं. 


साथ ही, बीमारी के मुख्य कारणों का पता लगाने के लिए पानी के सैंपल जांच हेतु भेजे गए हैं और चिकित्सा टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं.

विज्ञापन


स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस क्षेत्र में पेयजल संकट और पीलिया की समस्या पुरानी है. इससे पहले बीते अप्रैल माह में भी स्ट्रीट नंबर 37 ए में महज पांच दिनों के भीतर 37 संक्रमित मिले थे. पूर्व में भी यहां करीब 20 से 22 बच्चे इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से एक बच्चे की गंभीर हालत के चलते उसे दो दिनों तक आईसीयू में भी रखना पड़ा था. 


रहवासियों का कहना है कि बार-बार ध्यानाकर्षण कराने के बावजूद बीएसपी प्रबंधन द्वारा जर्जर हो चुकी पाइपलाइनों को नहीं बदला गया, जिसके कारण दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है और बीमारी लगातार एक गली से दूसरी गली में पैर पसार रही है.


प्रशासन ने शुरुआती जांच के आधार पर गंदे पानी की सप्लाई को ही इस संक्रमण की वजह माना है और संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में तत्काल स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं. 


डॉक्टरों ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे फिलहाल पानी को अच्छी तरह उबालकर और छानकर ही पिएं ताकि संक्रमण को आगे फैलने से रोका जा सके. 


दूसरी ओर, वार्ड के नागरिकों ने अब बीएसपी प्रबंधन और प्रशासन से पुरानी पाइपलाइनों को तुरंत बदलने, शुद्ध पेयजल की स्थायी व्यवस्था करने तथा इलाके में नियमित रूप से हेल्थ कैंप आयोजित करने की मांग तेज कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP