शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर: राइस मिल में भीषण आग, बचाव दल पर मधुमक्खियों का हमला

C

CG Khabar

03 मार्च 2026, 04:48 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

राइस मिल में आग- जशपुर
राइस मिल में आग- जशपुर

जशपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के तपकरा तहसील अंतर्गत उपरकछार स्थित शंभु गुप्ता राइस मिल में सोमवार शाम आग लग गई. मिल में अचानक भड़की भीषण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे वहां मौजूद भारी मात्रा में धान और चावल जलकर खाक हो गया. 


इस घटना के दौरान मिल के भीतर 12 मजदूर फंस गए थे, जिन्हें पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.


आग लगने की सूचना मिलते ही कुनकुरी और आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन राहत कार्य के दौरान एक अजीबोगरीब चुनौती सामने आ गई. जैसे ही दमकल कर्मियों ने पानी की बौछारें शुरू कीं, आग के धुएं से विचलित होकर मिल की छत पर स्थित छत्तों से हजारों मधुमक्खियां निकल आईं. 


इन मधुमक्खियों ने बचाव दल और वहां मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई. स्थिति को देखते हुए कर्मचारियों को कुछ देर के लिए वाहनों में छिपकर अपनी जान बचानी पड़ी.


प्रशासन के अनुसार, आग इतनी भयानक थी कि इसकी तपिश करीब 200 मीटर की दूरी तक महसूस की जा रही थी. मिल में रखे सूखे धान, चावल और भूसे के कारण लपटें तेजी से फैलती गईं. 

खतरे को भांपते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पास स्थित जिंदल राइस मिल और रिहायशी इलाके को खाली करा लिया. नगर सेना की तीन अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी मोर्चे पर लगाया गया. 


हालांकि, प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों और कुल नुकसान का सटीक आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. देर रात तक प्रशासन और दमकल की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिशों में जुटी रहीं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP