जशपुर: ओडिशा से तस्करी करके नशीली दवा लाने वाला गिरफ्तार
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर में पुलिस ने बुधवार शाम को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो ओडिशा से बाइक पर प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप लेकर आ रहा था.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की पहचान सुरंगपानी गांव निवासी मोहित कुमार गुप्ता के रूप में हुई है. वह काफी समय से इस गैरकानूनी धंधे में सक्रिय था और बिना डॉक्टर की पर्ची के नशीली सिरप की बिक्री करता था. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लाखझार घाट के पास नाकाबंदी की थी.
फरसाटोली की तरफ से आ रही बिना नंबर प्लेट वाली बाइक को रोककर जांच की गई तो दो बोरी में 320 बोतलें विस्कोरेक्स कोडीन फॉस्फेट कफ सिरप मिलीं. पूछताछ में आरोपी ने जंगल में छिपाकर रखी अतिरिक्त खेप की जानकारी दी, जहां से दो और कार्टून बरामद हुए जिनमें 320 और बोतलें थीं.
कुल 640 बोतलें (64,000 एमएल) जब्त की गईं, जिनकी बाजार कीमत करीब 1 लाख 11 हजार रुपये बताई जा रही है.
पुलिस ने आरोपी की बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया. उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
गौरतलब है कि यह एक प्रिस्क्रिप्शन आधारित दवा है, जो मुख्य रूप से सूखी खांसी के उपचार में इस्तेमाल होती है. इसमें मौजूद कोडीन एक ओपिओइड पदार्थ है जो मस्तिष्क के खांसी नियंत्रण केंद्र पर असर डालता है. नशे की लत लगने के कारण इसका बिना डॉक्टरी सलाह के बिक्री या उपयोग सख्ती से प्रतिबंधित है.