जशपुर: 9 घंटे के रेस्क्यू के बाद बचाई गई हाथी की जान, इलाज के बाद झुंड से मिला
जशपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नौ घंटे के कड़े संघर्ष के बाद वन विभाग की टीम ने एक विशालकाय हाथी की जान बचा ली. जशपुर जिले के पत्थलगांव रेंज के नवापारा में एक नर हाथी कमजोरी के कारण किसान के खेत में गिर गया था और उठने में पूरी तरह असमर्थ था. स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर तुरंत हरकत में आए वन विभाग और पशु चिकित्सकों के दल ने मौके पर ही हाथी का उपचार किया, जिसके बाद वह अपने पैरों पर खड़ा होकर सुरक्षित अपने झुंड की ओर लौट गया.
जशपुर डीएफओ शशि कुमार के मुताबिक, बुधवार सुबह एक किसान ने सूचना दी कि एक हाथी उसके निजी खेत में गिरा हुआ है.
शुरुआती जांच में पता चला कि हाथी के एक पैर में कमजोरी होने के कारण वह खड़ा नहीं हो पा रहा था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ से वन्यजीव पशु चिकित्सक डॉ. अजीत कुमार पांडेय को बुलाया गया. मेडिकल टीम ने मौके पर ही हाथी को जरूरी दवाएं और ड्रिप चढ़ाई, जिससे उसकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने लगा.
करीब नौ घंटे तक चले इस बचाव अभियान के बाद हाथी ने अपनी शक्ति वापस पा ली और आखिरकार खुद खड़ा होने में सफल रहा.
इसके बाद वह धीरे-धीरे धरमजयगढ़ डिवीजन के जंगलों की ओर बढ़ गया, जहां उसका दल मौजूद था.
इस दौरान वन विभाग ने ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है. अधिकारियों ने अपील की है कि हाथी दिखने पर भीड़ न लगाएं और तुरंत विभाग को सूचित करें. Symbolic Photo