जशपुर रिश्वत कांड: घूस लेते वीडियो वायरल होने के बाद ड्रेसर निलंबित
जशपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक ड्रेसर किशोर कुमार चौहान को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद होने के बाद निलंबित कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में आरोपी कर्मचारी न केवल पैसे गिनते हुए दिख रहा है, बल्कि कथित तौर पर ₹2,000 की अतिरिक्त मांग भी कर रहा है.
यह मामला एक मरीज के इलाज के बिल के भुगतान (मेडिकल रीइम्ब्रसमेंट) से जुड़ा है, जिसमें ड्रेसर बिल पास कराने के एवज में अवैध वसूली कर रहा था.
वायरल वीडियो में ड्रेसर को यह कहते सुना जा सकता है कि आईवीएफ (IVF) प्रक्रिया का खर्च कवर नहीं होता है और वह मामले को रफा-दफा करने के लिए पैसे मांग रहा था.
वीडियो का संज्ञान लेते हुए जशपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जी.एस. जात्रा ने तत्काल कार्रवाई की और किशोर कुमार चौहान को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम, 1966 के तहत निलंबित कर दिया.
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पत्थलगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तय किया गया है.
प्रशासन ने इस घटना को सरकारी सेवा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए कड़ी विभागीय जांच के आदेश दिए हैं, ताकि भ्रष्टाचार के इस मामले में संलिप्त अन्य संभावित चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके.