पत्नी-प्रेमी ने मिलकर की पति की हत्या
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया है. एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी और शव को जलाने की कोशिश की, जो बारिश के कारण नाकाम रही.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
कोंडागांव के माकड़ी जंगल में 30 जून को एक अज्ञात शव मिला. मृतक की जेब से मिली वैक्सीन पर्ची के आधार पर उसकी पहचान धर्मवीर नेताम (33), निवासी नगरी, धमतरी के रूप में हुई.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा की जांच के बाद रवीना नागरची और उसके प्रेमी विदेश मरकाम को गिरफ्तार किया.
पूछताछ में पता चला कि रवीना और विदेश के बीच अवैध संबंध थे. धर्मवीर के मारपीट और प्रताड़ना से तंग आकर दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची.
27 जून को विदेश ने धर्मवीर को नगरी लाने के बहाने रायघर ले जाया, जहां शराब पिलाकर जंगल में क्रिकेट बैट से उसकी हत्या कर दी. शव को जलाने के लिए पेट्रोल और माचिस खरीदी गई, लेकिन बारिश ने योजना फेल कर दी.
पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल जांच के आधार पर दोनों को कोंडागांव बस स्टैंड से गिरफ्तार किया. आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है और मामले की जांच जारी है.