जगदलपुर में संदिग्ध हत्या, चाकूबाजी से युवक की गई जान
जगदलपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में स्थित पुरानी तहसील कार्यालय की इमारत में एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.
प्रारंभिक जांच के अनुसार, युवक पर निर्दयता से चाकू से कई वार किए गए थे. पुलिस को आशंका है कि उसे दौड़ा-दौड़ाकर हत्या की गई. घटनास्थल पर फैले खून के छींटे और जमीन पर पड़े पैरों के निशान इस बात के गवाह हैं कि यह कोई सुनियोजित हमला था.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी तहसील भवन के आसपास दो गुटों के बीच किसी पुरानी रंजिश या अज्ञात कारण से झड़प हुई थी. इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने चाकू निकाल लिया और हमला बोल दिया. इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक की पहचान करन बघेल के रूप में हुई है, जो स्थानीय निवासी बताया जा रहा है. फिलहाल झगड़े के सटीक कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान का खुलासा नहीं हो सका है.
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है, जहाँ पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि होगी. पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है.
कोतवाली थाना प्रभारी भोला सिंह राजपूत ने कहा कि पुलिस की टीमें हर संभावित सुराग पर काम कर रही हैं. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी साझा करने की अपील की है.