शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर: शराबी की कुएं में गिरने से मौत

C

CG Khabar

13 मार्च 2026, 06:30 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

शव
शव

जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के भानपुरी थाना अंतर्गत फरसागुड़ा गांव में नशे की हालत में एक ग्रामीण की कुएं में डूबने से जान चली गई. मृतक की पहचान फरसागुड़ा के बड़े पारा निवासी त्रिनाथ के रूप में हुई है, जो अत्यधिक शराब पीने का आदी था. 


मिली जानकारी के अनुसार, त्रिनाथ रात के समय नशे में धुत होकर घर से बाहर निकला था और अंधेरे के कारण गांव के ही एक सरकारी कुएं का अंदाजा नहीं लगा पाया, जिससे वह सीधे पानी में जा गिरा. 


सन्नाटे के बीच कुएं से आई अचानक आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे, लेकिन कुआं गहरा होने के कारण वे कुछ समझ नहीं पाए. किसी के गिरने की आशंका होते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी.


भानपुरी थाना प्रभारी हर्ष धुरंधर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रात का गहरा अंधेरा और कुएं की गहराई बचाव कार्य में बाधा बन रही थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर सेना की एसडीआरएफ टीम को मदद के लिए बुलाया गया. 


एसडीआरएफ के जवानों ने देर रात टॉर्च की रोशनी और विशेष उपकरणों की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और काफी मशक्कत के बाद त्रिनाथ के शव को पानी से बाहर निकाला. 


मृतक के परिजनों ने बताया कि त्रिनाथ विवाहित था और उसके बच्चे भी हैं, लेकिन शराब की लत ने उसका घर उजाड़ दिया. परिजनों द्वारा बार-बार समझाने के बावजूद उसने नशा नहीं छोड़ा, जो अंततः उसकी मौत का कारण बना. फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP