माता-पिता के डर से छात्र ने टावर से कूदकर की खुदकुशी
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज माता-पिता की डांट के खौफ में एक 21 वर्षीय युवक ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. यह दुखद मामला नंदिनी नगर थाना क्षेत्र का है, जहां बीएसपी अस्पताल के पीछे स्थित बीएसएनएल टावर से कूदकर एक छात्र ने आत्महत्या कर ली.
मृतक की पहचान आकाश चंद्रिकापुरे के रूप में हुई है, जो रायपुर में माइनिंग की पढ़ाई कर रहा था और एक बीएसपी कर्मचारी का इकलौता पुत्र था.
पुलिस जांच में यह बात निकलकर आई है कि एक दिन पहले आकाश से पारिवारिक वाहन चलाते समय दीवार से टकरा गया था, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी. उस वक्त उसके माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे और नागपुर में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे.
आकाश इस बात को लेकर बेहद तनाव में था कि जब उसके माता-पिता वापस लौटेंगे, तो क्षतिग्रस्त वाहन देखकर उसे कड़ी फटकार लगाएंगे. इसी मानसिक दबाव और डर के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए टावर से छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घर के इकलौते चिराग की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम पसर गया है और परिजन नागपुर से दुर्ग के लिए रवाना हो गए हैं. फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले के अन्य पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है. आसपास के लोगों और पड़ोसियों से भी इस संबंध में पूछताछ की जा रही है.