डॉग ट्रेनर रेप के आरोप में गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: रायपुर में एक डॉग ट्रेनर को पुलिस ने रेप के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. रायपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला को डॉग ट्रेनिंग के बहाने करीब दो साल तक धोखा दिया गया. आरोपी, जो खुद शादीशुदा था, ने महिला से शादी का झूठा वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाये. जब पीड़िता को सच्चाई का पता चला, तो उसने पुलिस में रेप का केस दर्ज करवाया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
पीड़िता, जो एक प्राइवेट नौकरी करके अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, ने कुछ समय पहले एक कुत्ता खरीदा था. कुत्ते की ट्रेनिंग के लिये वह आरोपी अजय सोनी के संपर्क में आई. शुरुआत में अजय ने फोन पर कुत्ते की देखभाल से जुड़ी जानकारियां दीं, लेकिन धीरे-धीरे उसने महिला से निजी बातें करना शुरू कर दिया और उससे दोस्ती कर ली. कुछ समय बाद उसने शादी का प्रस्ताव रखा और यह भरोसा दिलाया कि वह उसके बच्चों की भी जिम्मेदारी उठाएगा.
आरोपी ने अपनी शादीशुदा होने की सच्चाई छुपाई और महिला को भरोसे में लेकर दो साल तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाये. जब पीड़िता ने शादी के लिये दबाव डाला, तो अजय ने मुकर जाने के बाद ही उसे अपनी असली हकीकत का पता चला. इसके बाद महिला ने गुढ़ियारी थाने में आरोपी के खिलाफ रेप का केस दर्ज करवाया. पुलिस ने संतोषी नगर काठाडीह रोड निवासी अजय सोनी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस मामले की गहन जाँच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं के प्रति धोखाधड़ी और यौन शोषण के मामलों पर सवाल खड़े कर दिये हैं.