धरमजयगढ़ में अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौत
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में शादी में शामिल होने गए एक युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है.
घटना की जानकारी के अनुसार, धौराभाठा बरपाली निवासी लौरेंस एक्का 3 फरवरी की शाम करीब 8 बजे घर पर खाना खाने के बाद शादी देखने निकले थे. रात लगभग 12:30 बजे काजूबाड़ी के इलियास तिग्गा ने उनके पिता बंधन एक्का को फोन कर हादसे की सूचना दी. मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि लौरेंस का शव सड़क पर औंधे मुंह पड़ा था और सिर में गंभीर चोटें आई थीं.
परिवार के अनुसार, तेज रफ्तार से आया कोई वाहन लौरेंस को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया. इस लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग के कारण युवक की दर्दनाक मौत हो गई. बंधन एक्का ने धरमजयगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.