धमतरी में प्रेमी जोड़े ने पेड़ से लटककर की खुदकुशी
धमतरी । डेस्क: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक युवक और 17 वर्षीय किशोरी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बुधवार सुबह सिहावा थाना क्षेत्र के महुआबाहरा गांव में दोनों के शव एक पेड़ से लटकते हुए पाए गए.
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है और आशंका जताई जा रही है कि परिजनों द्वारा रिश्ते को स्वीकार न किए जाने के डर से दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक युवक की पहचान गेंडाभर्री निवासी मानेश मरकाम (20) के रूप में हुई है, जबकि किशोरी महुआबाहरा गांव की रहने वाली थी.
दोनों मंगलवार शाम से अपने घरों से लापता थे.
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने किशोरी के पिता के खेत में दोनों के शव पेड़ से लटकते देख पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.