गोवा में सीएम साय ने कहा- छत्तीसगढ़ सिर्फ नक्सल प्रभावित नहीं
पणजी । डेस्क: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोवा के कानाकोना में आयोजित 'लोकोत्सव-25' के रजत जयंती समारोह के दौरान एक महत्वपूर्ण बयान दिया है. मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ और गोवा के बीच समानताएं बताते हुए कहा कि जिस तरह गोवा को केवल ईसाई-बहुल और पश्चिमी संस्कृति वाला राज्य समझना एक गलतफहमी है, उसी तरह छत्तीसगढ़ को पूरी तरह से नक्सल प्रभावित मानना भी हकीकत से परे है.
सीएम साय ने साझा किया कि गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से चर्चा के बाद उन्हें ज्ञात हुआ कि गोवा की 70% आबादी हिंदू है और यहां की ग्रामीण संस्कृति एवं परंपराएं बेहद समृद्ध हैं. उन्होंने कहा कि लोकोत्सव जैसे आयोजनों का एक बड़ा उद्देश्य देश भर में गोवा के बारे में फैली ऐसी ही गलतफहमियों को दूर करना है.
छत्तीसगढ़ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा कारणों से लोग रायपुर आने से भी डरते थे, जबकि वास्तविकता यह है कि छत्तीसगढ़ खनिज संसाधनों के मामले में देश का एक अत्यंत समृद्ध राज्य है. उन्होंने बताया कि राज्य में लोहा, कोयला, बॉक्साइट, लिथियम, हीरा और सोना प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है और छत्तीसगढ़ भारत का एकमात्र टिन उत्पादक राज्य है.
सीएम साय ने स्पष्ट किया कि नक्सलवाद की नकारात्मक छवि के कारण राज्य में निवेश सीमित था, लेकिन अब स्थिति बदल रही है.
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग से मार्च 2026 तक राज्य से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य दोहराया.
उन्होंने जानकारी दी कि नक्सली ताकतों की कमर टूट चुकी है और केवल एक वर्ष में छत्तीसगढ़ को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्गों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे छत्तीसगढ़ की प्रगति और गोवा की सांस्कृतिक पहचान के बारे में जागरूकता फैलाएं.