बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में अब 'मुख्यमंत्री नल जल अनुदान' से सुधरेगी ग्रामीण पेयजल व्यवस्था

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नए नलजल नियम 2026 को मंजूरी दी गई है. इसके साथ ही नारायणपुर के रामकृष्ण मिशन महाविद्यालय को 40.98 करोड़ का अनुदान और राजनांदगांव में बाल सम्प्रेक्षण गृह व माध्यमिक शिक्षा मण्डल के संभागीय कार्यालय के लिए भूमि आबंटन जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं.

C

CG Khabar

18 नव. 2026, 06:54 PM 3 मिनट में पढ़ें 19

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर । संवाददाता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज सिविल लाईन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कैबिनेट की बैठक में प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.

ग्रामीण नलजल नियम, 2026 को मंजूरी

मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘‘छत्तीसगढ़ पंचायत (ग्रामीण नलजल संचालन, संधारण एवं प्रबंधन) नियम, 2026’’ के प्रारूप का अनुमोदन किया गया है. इसके अंतर्गत पूर्व में लागू वर्ष 2024 के नियमों को निरस्त कर जल जीवन मिशन के राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नए नियम लागू किए जाएंगे. नवीन नियमों में भारत सरकार द्वारा सुझाए गए सभी 19 तकनीकी, प्रशासनिक एवं वित्तीय बिंदुओं को शामिल किया गया है, जिससे ग्राम पंचायतों के माध्यम से नलजल योजनाओं का नियमित संचालन, रखरखाव और प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित हो सकेगा.

विज्ञापन

पंचायतों को अनुदान और प्रोत्साहन राशि का प्रावधान

विशेष रूप से एक हजार से कम आबादी वाली ग्राम पंचायतों में नलजल योजनाओं के संचालन एवं संधारण के लिए ‘मुख्यमंत्री नल जल अनुदान’ के माध्यम से वित्तीय सहायता देने का प्रावधान किया गया है, जिसके लिए ग्राम पंचायतों को प्रतिमाह न्यूनतम 50 प्रतिशत जल प्रभार का संग्रहण करना होगा. इसके अतिरिक्त, वार्षिक जल प्रभार की 75 प्रतिशत से अधिक राशि का संग्रहण करने वाली ग्राम पंचायतों को प्रतिवर्ष 50 हजार रुपये ‘मुख्यमंत्री नल जल प्रोत्साहन राशि’ दिए जाने का भी प्रावधान किया गया है. राज्य सरकार के इस निर्णय से छोटी ग्राम पंचायतों पर आर्थिक भार कम होगा और ग्रामीण परिवारों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.

नारायणपुर के रामकृष्ण मिशन महाविद्यालय को 40.98 करोड़ का अनुदान

मंत्रिपरिषद द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप नारायणपुर में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के अबूझमाड़िया विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा संचालित रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय को तीन वर्षों के लिए आवर्ती एवं अनावर्ती अनुदान स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया है. इसके लिए छत्तीसगढ़ अशासकीय महाविद्यालय और संस्था (स्थापना एवं विनियमन) अधिनियम, 2006 के निर्धारित मापदण्डों में शिथिलीकरण को मंजूरी दी गई है. शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रारंभ इस महाविद्यालय के संचालन एवं अधोसंरचना विकास के लिए तीन वर्षों में लगभग 40.98 करोड़ रुपए का प्रावधान प्रस्तावित है. इस निर्णय से अबूझमाड़ सहित दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की सुविधा मिलेगी तथा उनके शैक्षणिक एवं सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.

राजनांदगांव में बाल सम्प्रेक्षण गृह भवन के लिए भूमि आबंटन

कैबिनेट की बैठक में राजनांदगांव जिले में बाल सम्प्रेक्षण गृह भवन के निर्माण के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को भूमि आबंटित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है. इसके अंतर्गत राजनांदगांव तहसील के ग्राम कौरिनभांठा में राजगामी संपदा की खसरा क्रमांक 284 की 0.223 हेक्टेयर अर्थात 24,090 वर्गफीट भूमि आबंटित की जाएगी. नवीन सम्प्रेक्षण गृह के निर्माण से विधि से संघर्षरत बालकों के लिए सुरक्षित आवास, देखभाल, परामर्श, शिक्षा एवं पुनर्वास की सुविधाओं को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी.

माध्यमिक शिक्षा मण्डल के संभागीय कार्यालय की होगी स्थापना

इसके साथ ही, मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल के राजनांदगांव में संभागीय कार्यालय की स्थापना के लिए भूमि आबंटन के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है. इसके अंतर्गत राजनांदगांव शहर के बल्देव बाग स्थित स्टेट हाईस्कूल परिसर की 264 वर्गमीटर भूमि माध्यमिक शिक्षा मण्डल को आबंटित की जाएगी. माध्यमिक शिक्षा मण्डल के संभागीय कार्यालय की स्थापना से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शैक्षणिक संस्थाओं को मण्डल से संबंधित सेवाएं स्थानीय स्तर पर अधिक सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
Chhattisgarh Chief Minister Vishnu Deo Sai
छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Cabinet Approves Rural Nal Jal Rules 2026 to Boost Rural Water Supply

8 मिनट पहले

Pharmacist
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ फार्मेसी काउंसिल रजिस्ट्रार पर अब केवल नियमित सरकारी फार्मासिस्टों का हक, राजपत्र अधिसूचना

10 घंटे पहले

बस्तर में युवा बेरोजगार संघ और आदिवासी समाज की बैठक
छत्तीसगढ़

NMDC भर्ती परीक्षा की तारीख को लेकर 28 नवंबर को घेराव, किरंदुल-बचेली प्रोजेक्ट बंद करने की चेतावनी

10 घंटे पहले

जगदलपुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओँ का धऱना
छत्तीसगढ़

जगदलपुर: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं का धरना, दिसंबर में अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

10 घंटे पहले

रायपुर के महिला से निवेश के नाम पर 28 लाख की ठगी
छत्तीसगढ़

मकान किराये और निवेश के नाम पर महिला से 28.55 लाख की धोखाधड़ी, केस दर्ज

11 घंटे पहले

सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार को निर्दोष को 30 लाख मुआवजा देने का आदेश दिया
छत्तीसगढ़

बरी होने के 7 साल बाद छूटा निर्दोष, SC ने छत्तीसगढ़ सरकार पर लगाया 30 लाख का जुर्माना

11 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP