रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ BJP अध्यक्ष किरण देव दिल्ली रेफर, मेदांता में होगा इलाज

C

CG Khabar

30 जुल. 2026, 01:44 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

किरण देव
किरण देव

रायपुर । संवाददाता: झांसी-ललितपुर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर से विधायक किरण सिंह देव की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है. शुरुआती चिकित्सीय जांच और एमआरआई रिपोर्ट में उनकी रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है. 


हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है. दतिया से एयर एम्बुलेंस के जरिए गुरुवार सुबह उन्हें दिल्ली ले जाया गया, जहां विशेषज्ञों की टीम उनकी आगे की जांच और उपचार की योजना तय करेगी.

विज्ञापन


यह दुर्घटना बुधवार शाम तालबेहट के पास टेकरी गांव में उस समय घटी, जब किरण देव अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर रायपुर वापस लौट रहे थे. 


सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार के कट मारने से उनकी इनोवा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त कार के सभी एयरबैग्स समय पर खुल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और वाहन में पीछे बैठीं रीना सिंह देव व आयुषी सुरक्षित रहीं.


हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. 


मेडिकल कॉलेज के सीएमएस सचिन माहौर के अनुसार, गुरुवार तड़के उन्हें एम्बुलेंस से दतिया भेजा गया, जहां से वे एयर एम्बुलेंस द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हुए. दिल्ली-एनसीआर स्थित मेदांता अस्पताल में ऑर्थोपेडिक और स्पाइन विशेषज्ञों की निगरानी में उनकी विस्तृत जांच की जाएगी, जिसके बाद ही यह निर्णय लिया जाएगा कि उनके इलाज के लिए सर्जरी की आवश्यकता है या दवाओं और आराम से ही रिकवरी संभव हो सकेगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP