BJP MLA ईश्वर साहू ने रिश्तेदारों में बांटे फंड- कांग्रेस
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने साजा से बीजेपी विधायक ईश्वर साहू पर अपने विवेकाधीन निधि के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है. कांग्रेस का दावा है कि साहू ने इस निधि का बड़ा हिस्सा अपने निजी सुरक्षा अधिकारी के रिश्तेदारों को बांट दिया.
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को रायपुर में पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, “विवेकाधीन निधि का उद्देश्य जरूरतमंदों की मदद करना है, लेकिन विधायक इसे अपने मनमाने तरीके से बांट रहे हैं.”
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक सूची भी जारी की, जिसमें दावा किया गया कि साहू ने अपने निजी सुरक्षा अधिकारी के परिवार वालों को फंड बांटे.
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “ईश्वर साहू सबका हिस्सा ले रहे हैं-भाई का, चाचा का, मामा का! यह साजा के विधायक ईश्वर साहू का कारनामा है, जो अपने पीएसओ ओम साहू के साथ ‘चिलम और तंबाकू’ की तलाश में व्यस्त हैं. गरीबों के लिये बनी सरकारी निधि को परिवार में ही बांट लिया गया.”
जवाब में, बीजेपी विधायक ईश्वर साहू ने बैज के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है और वे उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.
साहू ने कहा, “कांग्रेस साजा में सात बार के विधायक की हार और मेरे जैसे गरीब व्यक्ति की जीत को पचा नहीं पा रही. जिन जरूरतमंदों ने मुझसे मदद मांगी, उन्हें मैंने अपनी विवेकाधीन निधि से सहायता दी.”